सतपुली में युवक की आत्महत्या, पुलिस पर आरोप; जांच शुरू

Barsali Times Desl
2 Min Read

पौड़ी।

सतपुली क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की आत्महत्या की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान पंकज कुमार निवासी रेतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर स्थानीय पुलिस, खासतौर पर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे।

वीडियो में युवक ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बात सुने बिना कार्रवाई की गई। उसने अपने सुसाइड नोट में भी पुलिस पर आरोप लगाते हुए अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।

परिजनों के अनुसार, युवक अपनी बाइक से बेहद जुड़ा हुआ था और पुलिस द्वारा बाइक सीज किए जाने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। परिवार का कहना है कि वह खुद को अपमानित महसूस कर रहा था और इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया।

शनिवार सुबह युवक का शव रेतपुर भिताड़ा पुल के पास फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सोशल मीडिया वीडियो व सुसाइड नोट को अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

फिलहाल यह घटना क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *