हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर सियासत गरम, कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच; भाजपा का सामाजिक सौहार्द धरना

Barsali Times Desl
3 Min Read

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण और हवन को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। मामले के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास कूच किया और घटना को सामाजिक सौहार्द एवं संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनका समर्थन कर रही है। उन्होंने सरकार से संविधान की भावना के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कथित शुद्धिकरण को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान अन्य मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भी सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।

कांग्रेस के जवाब में भाजपा का धरना

कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच के जवाब में भाजपा ने प्रदेशभर में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया। देहरादून के गांधी पार्क में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हल्द्वानी रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़े हैं, जहां जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता। जोशी ने कांग्रेस पर दलितों के नाम पर लंबे समय तक वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

शुद्धिकरण विवाद ने बढ़ाई राजनीतिक तल्खी

हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां इसे सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों का मुद्दा बताते हुए सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है, वहीं भाजपा कांग्रेस पर विवाद को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगा रही है। मामले से जुड़े मुकदमों और दोनों दलों के नेताओं के बयानों के बाद प्रदेश की सियासत में टकराव और बढ़ गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *