प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने की मांग रखी; चुनाव प्रभारी बोले- अब तक चार दावेदारों ने पेश किया दावा, अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा
उत्तरकाशी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री विधानसभा सीट पर भी भाजपा के भीतर टिकट के दावेदार सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश की।
लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि वह लंबे समय से गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं, स्थानीय मुद्दों और विकास से जुड़े विषयों पर काम करते रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में ओबीसी का दर्जा दिलाने और हर्षिल घाटी को इनर लाइन प्रतिबंधों से मुक्त कराने के प्रयासों में अपनी भूमिका का उल्लेख किया।

समग्र विकास और जनसमस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
बिष्ट ने कहा कि गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों को समझते हुए उनका प्रयास हमेशा क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान करना रहा है। सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र संख्या-03 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए पार्टी से टिकट देने की मांग रखी।
अब तक चार लोगों ने पेश की दावेदारी
इस दौरान भाजपा के गंगोत्री विधानसभा चुनाव प्रभारी जगमोहन चंद ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अब तक चार लोगों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन का निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद करेगा।
चंद ने स्पष्ट किया कि नेतृत्व जिस भी नाम पर निर्णय लेगा, वह सभी कार्यकर्ताओं और दावेदारों को स्वीकार होगा। पार्टी के निर्णय के अनुसार सभी कार्यकर्ता चुनाव में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी निगाहें
गंगोत्री विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। लोकेंद्र सिंह बिष्ट की दावेदारी के बाद पार्टी के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सबकी नजरें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी गंगोत्री सीट से किस चेहरे को मैदान में उतारती है।








