हरिद्वार में डाक कांवड़ का सैलाब, 3.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना

Barsali Times Desl
3 Min Read

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है। अब तक 3 करोड़ 19 लाख 48 हजार से अधिक कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो चुके हैं। पैदल कांवड़ियों की संख्या में कमी के साथ ही दोपहिया और चौपहिया डाक कांवड़ वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।

डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने देर रात जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न चौराहों, पार्किंग स्थलों और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

हाईवे और पार्किंग में बढ़ाई जा रही सुविधाएं

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि डाक कांवड़ की शुरुआत के बाद कांवड़ पटरी पर पैदल श्रद्धालुओं की संख्या कम हुई है, जबकि हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। इसे देखते हुए कांवड़ पटरी के शौचालय, लाइटिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को हाईवे तथा पार्किंग क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है। पार्किंग स्थलों पर पेयजल, बिजली और शौचालय की व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं, ताकि डाक कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रविवार सुबह से शुरू होगी डाक कांवड़ वाहनों की निकासी

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए डाक कांवड़ वाहनों को निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों के माध्यम से निकाला जाएगा। रविवार सुबह 9 बजे से डाक कांवड़ वाहनों की निकासी शुरू होगी।

यातायात व्यवस्था के तहत अलग-अलग राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली, नोएडा, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को नारसन बॉर्डर से भेजा जाएगा। वहीं सहारनपुर, हरियाणा और पंजाब जाने वाले वाहनों के लिए भगवानपुर बॉर्डर का इस्तेमाल किया जाएगा। बिजनौर और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे से रवाना किया जाएगा।

बैरागी कैंप में बड़े वाहनों की पार्किंग

डाक कांवड़ वाहनों के लिए बैरागी कैंप पार्किंग में बड़े वाहनों की पार्किंग की गई है। छोटे वाहनों के लिए दीनदयाल, रोड़ी, पंतद्वीप, गौरीशंकर और गड्ढा पार्किंग में व्यवस्था की गई है।

प्रशासन के अनुसार अगले दो दिनों तक हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। 10 अगस्त की रात तक डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी जारी रहने की उम्मीद है। प्रशासन ने कांवड़ियों से निर्धारित रूट, पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *