शादी के दो दिन बाद पति को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर-कैश लेकर फरार दुल्हन, पांच गिरफ्तार

Barsali Times Desl
3 Min Read

हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शादी के नाम पर युवक से कथित ठगी और लूट का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवक की 21 वर्षीय युवती से शादी कराई गई। शादी के अगले ही दिन युवती ने कथित तौर पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पति को पिला दिया। उसके बेहोश होने के बाद घर से करीब 70 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान लेकर वह फरार हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने युवती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

24 सितंबर को दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार, बहादराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने 24 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके भाई की शादी नहीं हो रही थी और परिवार रिश्ते की तलाश कर रहा था। इसी दौरान सिडकुल क्षेत्र में उनकी मुलाकात पंकज गिरी नामक व्यक्ति से हुई। उसके माध्यम से गीता देवी और रुकमिना से संपर्क हुआ। बातचीत के बाद 21 वर्षीय रुकमिना से शादी तय हुई।

पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को सिडकुल क्षेत्र स्थित एक मकान में वरमाला की रस्म के बाद शादी कराई गई। इसके बाद दुल्हन को लेकर परिवार घर लौट आया।

चाय में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, शादी के दिन रुकमिना ने बीमारी का बहाना बनाकर पति से अलग सोने की बात कही। अगले दिन उसने पति को चाय दी। आरोप है कि चाय में नशीला पदार्थ मिला हुआ था। चाय पीने के बाद युवक बेहोश हो गया।

होश आने पर उसे घर से करीब 70 हजार रुपये की नकदी और कई मोबाइल फोन गायब मिले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

दो महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रुकमिना, अब्दुल बारी, रागिनी पाल, पुनीत कुमार और राजस्थान के भरतपुर निवासी फतेह सिंह मीना को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, रुकमिना उत्तर प्रदेश के शामली जिले के मिर्जापुर गांव की रहने वाली है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

अन्य लोगों से ठगी की भी जांच

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं गिरोह ने शादी के नाम पर अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार तो नहीं बनाया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *