लगातार बर्फबारी के कारण रास्ता बंद, सात ट्रेकर और एक स्थानीय गाइड फंसे; प्रशासन ने सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध केदारताल ट्रैक पर लगातार बर्फबारी के चलते आठ लोग भोज खड़क में फंस गए हैं। इनमें सात ट्रेकर और एक स्थानीय गाइड शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने शासन से समन्वय कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया है।
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को 12 सदस्यीय दल केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। दल में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के ट्रेकरों के साथ गाइड और पोर्टर भी शामिल थे। जिला प्रशासन से ट्रैकिंग की अनुमति मिलने के बाद दल ने यात्रा शुरू की। रास्ते में लगातार दो दिन तक हुई बर्फबारी के कारण चार सदस्य वापस गंगोत्री लौट आए, जबकि सात ट्रेकर और एक स्थानीय गाइड भोज खड़क में फंस गए।
मौसम खराब होने से बढ़ी परेशानी
ट्रैकिंग एजेंसी के अध्यक्ष जयेन्द्र राणा के अनुसार, मौसम खराब होने और लगातार बर्फबारी के कारण दल के आठ सदस्य आगे नहीं बढ़ सके। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।
गाइड के परिजनों ने की सुरक्षित रेस्क्यू की अपील
स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा के पिता भगवान सिंह ने बताया कि उनका बेटा एजेंसी के माध्यम से गाइड के रूप में दल के साथ केदारताल ट्रैक पर गया था। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द रेस्क्यू कर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की गुहार लगाई है।
प्रशासन की ओर से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।








