महिला की मौत के बाद फूटा आक्रोश, आधे घंटे तक बाधित रहा यातायात; गुलदार को मारने के आदेश के बाद माने ग्रामीण
श्रीनगर (पौड़ी)। पौड़ी जिले के बछेली क्षेत्र के तरुली गांव में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार को गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खंडाह में श्रीनगर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
जाम की सूचना मिलने पर डीएफओ पौड़ी महातिम यादव, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को गुलदार को मारने के लिए जारी आदेश की जानकारी दी और क्षेत्र में वन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए राजी हो गए और हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
दो शिकारी तैनात, कैमरों से रखी जा रही निगरानी
डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। गुलदार को मारने के लिए दो शिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा निगरानी के लिए छह ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, जबकि गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे भी स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गुलदार के हमले में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को सरकार की ओर से निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र में गुलदार के आतंक से स्थायी राहत दिलाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।








