उत्तरकाशी।
गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव में शनिवार को उस परिवार की उम्मीदों को नया संबल मिला, जो पिछले करीब आठ वर्षों से अपने परिजन इंद्रमणी नौटियाल की स्वदेश वापसी का इंतजार कर रहा है। गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक सजवाण ने कहा कि इंद्रमणी नौटियाल की बेटी दीपिका की अपने पिता को सुरक्षित भारत वापस लाने की भावुक अपील ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है, जिसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

परिजनों ने बताया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद इंद्रमणी नौटियाल पिछले लगभग आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। विजयपाल सजवाण ने भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए वह हर स्तर पर प्रभावी पहल करेंगे और संबंधित अधिकारियों व संस्थाओं के समक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी एक परिवार का दर्द पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही एक बेटी को उसके पिता और एक परिवार को उसका अपना सदस्य वापस मिल सकता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राणा (राजू), बढ़ेथ प्रधान आशुतोष बिष्ट, सीरी प्रधान तेजपाल सिंह राणा, पीएम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन नौटियाल, युवा नेता दिनेश राणा सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



