देहरादून जू में सफेद बाघ तेजस बना पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, रोजाना खाता है 8 किलो मांस

Barsali Times Desl
3 Min Read

देहरादून के चिड़ियाघर में ग्वालियर से लाया गया सफेद बाघ तेजस अब पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। करीब ढाई साल का तेजस रोजाना आठ किलो मांस खाता है। उसकी बेहतर सेहत के लिए भोजन के साथ मल्टीविटामिन और पोषक तत्वों से भरपूर विशेष पेस्ट भी दिया जाता है। हालांकि, सप्ताह में एक दिन मंगलवार को उसे भोजन नहीं दिया जाता, ताकि उसका पाचन तंत्र दुरुस्त रह सके।

तेजस को बीती 28 सितंबर को ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान से देहरादून लाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उसे एक महीने तक क्वारंटीन में रखा गया, ताकि उसकी सेहत और नए वातावरण में उसके व्यवहार पर नजर रखी जा सके। इसके बाद उसे चिड़ियाघर के नए बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया।

नए माहौल में आसानी से ढला तेजस

जू की रेंजर दीक्षा भट्ट ने बताया कि तेजस का जन्म चिड़ियाघर में ही हुआ है, इसलिए उसे नए माहौल में ढलने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उसके देहरादून पहुंचने के बाद से ही पर्यटक उसके बारे में जानकारी लेने लगे थे। अब बाड़ा खुलने के बाद उसे देखने के लिए पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। तेजस की देखभाल के लिए एक मुख्य कीपर सहित चार से पांच कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

180 किलो है वजन, सेहत भी दुरुस्त

चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप मिश्रा के अनुसार, तेजस का वजन करीब 180 किलोग्राम है और उसकी सेहत अच्छी है। वह सक्रिय है और नियमित रूप से भोजन कर रहा है। उसे शाम के समय खाना दिया जाता है। उसके दैनिक आहार में आठ किलो मांस के साथ मल्टीविटामिन और जरूरी पोषक तत्वों वाला विशेष पेस्ट शामिल है।

तेजस के नए बाड़े में उसके घूमने-फिरने के लिए अलग रास्ता बनाया गया है। इसके अलावा पानी का कुंड और पीने के पानी की उचित व्यवस्था की गई है। बाड़े को इस तरह तैयार किया गया है कि तेजस सक्रिय रह सके और उसका तनाव भी कम हो।

खास जीन के कारण सफेद होता है बाघ का रंग

डॉ. मिश्रा ने बताया कि सफेद बाघ भी रॉयल बंगाल टाइगर ही होता है। उसके शरीर का सफेद रंग एक विशेष रिसेसिव जीन के कारण होता है। यह जीन शरीर में रंग बनाने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है, जिससे बाघ का रंग सफेद दिखाई देता है। हालांकि, उसके शरीर पर काले या भूरे रंग की धारियां बनी रहती हैं और उसकी आंखें नीली होती हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *