जन्म पर ₹11 हजार और 12वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए ₹51 हजार की आर्थिक सहायता
उत्तरकाशी। बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नन्दा गौरा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के अंतर्गत एक परिवार की अधिकतम दो जीवित पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता का लाभ दिया जाएगा।
जन्म पर मिलेगी ₹11 हजार की सहायता
योजना के तहत कन्या शिशु के जन्म पर पात्र परिवार को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जन्म के आधार पर योजना का लाभ लेने के लिए बालिका के जन्म के छह माह के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक अथवा न्यूनतम एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाली और अविवाहित पात्र बालिका को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
30 नवंबर तक कर सकेंगी आवेदन
12वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए पात्र छात्राएं 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए विभाग ने नन्दा गौरा योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर सुविधा उपलब्ध कराई है। विभाग ने लाभार्थियों से आवेदन करने से पहले योजना की पात्रता और आवश्यक दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।
पात्र बालिकाओं तक पहुंचे योजना की जानकारी
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंसी लाल राणा ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाल विकास परियोजना अधिकारियों के माध्यम से पात्र बालिकाओं और उनके परिवारों तक योजना की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है।
विभाग का उद्देश्य है कि आर्थिक कारणों से कोई भी पात्र बालिका शिक्षा और विकास के अवसर से वंचित न रहे तथा नन्दा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आर्थिक संबल मिल सके।



