शारदा असवाल राणा निर्विरोध बनीं जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष
उत्तरकाशी, 8 सितंबर। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध समिति के चुनाव में भाजपा समर्थित शारदा असवाल राणा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। वहीं हरिमोहन सिंह को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
मंगलवार सुबह शारदा राणा ने बोर्ड के निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों एवं भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ बैंक पहुंचकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने पर शाम साढ़े तीन बजे उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद शारदा राणा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत प्रदेश एवं जिला भाजपा नेतृत्व और सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना तथा किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आम लोगों के हितों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ाया जाएगा। किसानों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे उद्यमियों और ग्रामीण जनता को बैंक की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। सहकारिता को गांव के अंतिम व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय रोजगार व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई दी।
निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए हरिमोहन सिंह ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। बैंक की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सहकारी संस्थाओं को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर विजय सिंह संतरी, दिनेश लाल, मनोरमा, जगमोहन सिंह रावत, जगमोहन सिंह, पूर्णिमा देवी रामला, बलवीर सिंह, रमिता, सुनीता, जगदीश प्रसाद और दशरथी निर्विरोध संचालक निर्वाचित हुए। कार्यक्रम में जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, परशुराम जगूड़ी, जिला उपाध्यक्ष हरीश डंगवाल सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



