उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, 557 मरीज मिले

Barsali Times Desl
4 Min Read

472 मरीज स्वस्थ, 83 का इलाज जारी; अब तक दो की मौत, 24 घंटे में 24 नए मामले

देहरादून। उत्तराखंड में बदलते मौसम के बीच मौसमी बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में अब तक 557 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 472 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 83 मरीजों का उपचार चल रहा है। संक्रमण से अब तक दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 24 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 12 मामले देहरादून और 12 अन्य जिलों से हैं। बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार छोटे बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं।

61 से 70 वर्ष आयु वर्ग में सबसे अधिक मामले

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 557 संक्रमित मरीजों में 1 से 10 वर्ष के 88 बच्चे, 11 से 20 वर्ष के 47, 21 से 30 वर्ष के 62, 31 से 40 वर्ष के 50, 41 से 50 वर्ष के 54, 51 से 60 वर्ष के 87, 61 से 70 वर्ष के 94, 71 से 80 वर्ष के 61 तथा 81 से 100 वर्ष आयु वर्ग के 14 मरीज शामिल हैं।

लिंगवार आंकड़ों में 298 पुरुष और 259 महिलाएं संक्रमित पाई गई हैं।

1572 सैंपल की जांच

स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अब तक प्रदेश में 1,572 सैंपल लिए गए हैं। इनमें देहरादून के 370 और अन्य जिलों के 187 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

कोरोना और डेंगू के मामले भी बढ़े

प्रदेश में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए अब तक 787 सैंपल लिए गए, जिनमें 53 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 26 देहरादून और 27 अन्य जिलों के मरीज हैं। वहीं, डेंगू की जांच के लिए करीब 30,606 सैंपल लिए गए, जिनमें 184 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें 86 मरीज देहरादून और 98 अन्य जिलों के हैं। डेंगू संक्रमितों में 158 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 26 का उपचार जारी है।

ये हैं स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण

स्वाइन फ्लू में अचानक तेज बुखार, ठंड लगना, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान, नाक बहना या बंद होना और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण हो सकते हैं। बच्चों में कुछ मामलों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से हाथों की नियमित सफाई, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल, खांसी-छींक के दौरान सावधानी और लक्षण होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। पर्याप्त आराम और तरल पदार्थ लेने के साथ चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने को कहा गया है।

अस्पतालों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा ने बताया कि सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार और उनकी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *