प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में भड़का जनाक्रोश, मांगों को लेकर भटवाड़ी में घेराव और नारेबाजी

Barsali Times Desl
2 Min Read

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के भटवाड़ी में आयोजित सुशासन कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब विभिन्न स्थानीय मांगों को लेकर नाराज लोगों ने प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा का घेराव करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बना रहा।

यह प्रदर्शन भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसे कांग्रेस पार्टी का भी समर्थन प्राप्त था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अपनी समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाती आ रही है, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें केवल कुछ मुद्दों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे सीमांत भटवाड़ी क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी हैं। उनका आरोप है कि शिक्षा, सड़क, प्रशासनिक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के मामलों में क्षेत्र लगातार उपेक्षा का सामना कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत भटवाड़ी सड़क का शीघ्र चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, तथा विकास खंड भटवाड़ी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित रूप से ब्लॉक मुख्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करना शामिल है। उनका कहना है कि अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण आम लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि उनकी पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास एवं लोगों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखा तथा किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *