मूलभूत सुविधाओं का अभाव, उत्तरकाशी के 71 गांव संचार सेवा से वंचित

Barsali Times Desk
2 Min Read

Uttarkashi,, जनपद के 71 गांवों में आज भी ग्रामीण संचार सेवा की समस्या से जूझ रहे हैं। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से ग्रामीणों को आपातकालीन सेवाओं, सरकारी योजनाओं और रोजमर्रा के जरूरी कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले में 40 मोबाइल टावर स्थापित होने के बावजूद सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। संचार सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों के सामने गांव में रहना चुनौती बनता जा रहा है, जिससे पलायन की समस्या भी गंभीर हो रही है। वहीं, संचार सुविधा से वंचित गांवों में सरकार की महत्वाकांक्षी जी राम जी योजना के कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए ऑफलाइन व्यवस्था की गई है। जिला विकास अधिकारी के अनुसार, ऐसे गांवों में ग्राम प्रधानों को योजना के तहत कार्यों के संचालन में छूट दी गई है।

इनका है कहना…

जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि जनपद के 71 गांवों में मोबाइल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्राम प्रधानों को छूट दी गई है। इन गांवों में जी राम जी योजना के साथ ही अन्य ग्राम पंचायतों की योजनाओं के कार्यों को भी ऑफलाइन व्यवस्था के तहत संचालित करने की सुविधा दी गई है।– वेद प्रकाश, जिला विकास अधिकार

सवाल यह है कि जब गांवों में मोबाइल टावर स्थापित हो चुके हैं, तो संचार सेवाएं अब तक बहाल क्यों नहीं हो पाई हैं? संचार, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में सीमांत गांवों से पलायन रोकना बड़ी चुनौती बना हुआ है। ग्रामीणों को राहत देने के लिए जरूरी है कि स्थापित मोबाइल टावरों को जल्द चालू किया जाए, ताकि उन्हें संचार सुविधा का लाभ मिल सके और सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी सुचारु रूप से हो सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *