मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, मतदाता सूची की त्रुटियां सुधारने के लिए लगातार चलेगा अभियान; अब तक फॉर्म-6 के 50 हजार और फॉर्म-8 के 43 हजार आवेदन मिले
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत दो स्थानों पर नाम दर्ज कराने वाले मतदाताओं की पहचान DSE (डुप्लीकेट सिमिलर एंट्री) मॉड्यूल के माध्यम से की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार ऐसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पते और अन्य विवरणों से जुड़ी त्रुटियों को ठीक करने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि तक लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से भी मतदाताओं की त्रुटियां दूर कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाएं।

दो स्थानों पर नाम दर्ज होने वालों की होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में जिन मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज हैं, उन्हें DSE मॉड्यूल के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार जांच और सत्यापन कर मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों और अन्य गलतियों को दूर करना है।
अब तक मिले 50 हजार फॉर्म-6
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 12 नवंबर 2026 से अब तक विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत करीब 50 हजार फॉर्म-6, लगभग आठ हजार फॉर्म-7 और 43 हजार फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-7 नाम हटाने से संबंधित दावे-आपत्तियों और फॉर्म-8 मतदाता सूची में विवरण संशोधन के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
11 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे-आपत्तियां
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। निर्वाचन विभाग चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करेगा।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा से राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, कांग्रेस से मनोज रावत, बसपा से सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी से सीपी सिंह और सीपीआई (एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।








