उत्तरकाशी: गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने बुधवार को अपने आवास पर रामचंद्र उनियाल राजकीय महाविद्यालय, उत्तरकाशी के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रसंघ अध्यक्ष अमित शाह, महासचिव सरगम रावत, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष पंवार, सह सचिव श्रुति पंवार और कोषाध्यक्ष वर्षा रावत समेत एबीवीपी व ॐ छात्र संगठन के पदाधिकारियों को चुनाव में सफलता पर बधाई दी।

छात्र जीवन की यादें हुईं ताजा
मुलाकात के दौरान सजवाण ने कहा कि छात्रसंघ पदाधिकारियों से बातचीत के दौरान महाविद्यालय से जुड़ी उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने बताया कि इसी महाविद्यालय में उन्हें छात्रसंघ सचिव और अध्यक्ष के रूप में छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला था।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआती पाठशाला रहा, जहां से उन्हें नेतृत्व, जिम्मेदारी और जनसेवा की प्रेरणा मिली।
छात्रहितों को प्राथमिकता देने की अपील
पूर्व विधायक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्रहितों को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई छात्रसंघ टीम महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल और छात्रहितों को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए।
इस दौरान छात्रसंघ से जुड़े कई छात्र नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।








