वीकेंड ट्रैफिक मैनेजमेंट में दून पुलिस की बड़ी सफलता, भारी दबाव के बावजूद नहीं लगा लंबा जाम

Barsali Times Desl
2 Min Read

देहरादून:

देहरादून में वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर बढ़े वाहनों के दबाव के बीच दून पुलिस की विशेष ट्रैफिक रणनीति कारगर साबित हुई। भारी संख्या में पर्यटकों के आने के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही और लंबे जाम की स्थिति नहीं बनी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक की निगरानी में विशेष रूट और डायवर्जन प्लान तैयार किया गया था। ट्रैफिक संचालन के लिए मार्गों को 4 सुपर जोन, 10 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई। वहीं 27 मोबाइल टीमें लगातार पूरे रूट पर निगरानी करती रहीं।

पुलिस ने मसूरी रूट पर किमाड़ी मार्ग का भी उपयोग कराया, जिससे ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिली। एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए थे। साथ ही विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन बोर्ड, फ्लैक्स और पार्किंग व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

09 और 10 मई के दौरान देहरादून शहर में हजारों वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इनमें बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर गए। बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बावजूद पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू कर यातायात को नियंत्रित रखा।

पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए क्रेन तैनात की, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया। सोशल मीडिया, एफएम और प्रिंट मीडिया के माध्यम से ट्रैफिक प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया।

दून पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *