देहरादून।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा (Graduate Level Recruitment Examination) के लिए अभ्यर्थियों के नाम महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने खराब मौसम, चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और विभिन्न जिलों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने की अपील की है।
आयोग के अनुसार मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके साथ ही चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आयोग ने विशेष रूप से रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में चारधाम यात्रा के कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा नैनीताल जिले में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नीम करौली बाबा वार्षिकोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को सप्ताहांत (वीकेंड) होने के कारण देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ सकती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आयोग ने दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर में पहुंच जाएं। साथ ही परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने की भी सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा या देरी का सामना न करना पड़े।
आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण निर्देश:
- परीक्षा केंद्र के लिए निर्धारित समय से काफी पहले रवाना हों।
- मौसम और यातायात की स्थिति की जानकारी पहले से प्राप्त करें।
- परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण अवश्य कर लें।
- एडमिट कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
- किसी भी आपात स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने सभी जिलों के पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिनके माध्यम से मार्ग, मौसम और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि UKSSSC द्वारा आयोजित इस स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में राज्यभर से हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


