सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 89 वर्ष की उम्र में निधन, शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

Barsali Times Desl
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा लगाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद पारिवारिक मुलाकातें सीमित हो गई थीं। इस वर्ष मई में उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की थी। योगी आदित्यनाथ 7 मई को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। अगले दिन 8 मई को वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात उनकी मां से आखिरी मुलाकात साबित हुई।

सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

सीएम धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *