एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद पहली बार पीएम मोदी से मिले मुख्यमंत्री धामी

Barsali Times Desl
3 Min Read

उत्तराखंड:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को दिल्ली पहुंच गए। सोमवार को उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। अपने दूसरे कार्यकाल का एक साल पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से यह पहली मुलाकात थी। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा राज्य के विकास हेतु जमरानी बांध परियोजना की स्वीकृति सहित विभिन्न बाह्य साहयतित परियोजनाओं एवं पूंजीगत परियोजनाओं हेतु विशेष सहायता योजनाओं के लिए व्यापक सहयोग प्रदान करने पर प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।

राज्य को जी 20 की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का दायित्व दिए जाने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि रामनगर में मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के वर्किंग ग्रुप की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री के साथ लगभग एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री धामी रविवार दोपहर देहरादून से दिल्ली रवाना हुए और उत्तराखंड सदन पहुंचे। उनका सोमवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। उनकी इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चर्चा है कि राज्य के विकास के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों, चालू वित्तीय वर्ष के बजट में किए गए प्रविधानों के साथ ही राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों की वह जानकारी देंगे। यही नहीं, सांगठनिक और राजनीतिक परिदृश्य को लेकर भी चर्चा की संभावना है।

सरकार ने उत्तराखंड को वर्ष 2025 तक देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य तय किया है। इस क्रम में मुख्यमंत्री राज्य के लिए कुछ नई केंद्र पोषित योजनाएं स्वीकृत करने का भी आग्रह कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री का सोमवार को ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि राज्य में रेल सेवाओं के विस्तार का आग्रह कर सकते हैं।

साथ ही चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उत्तराखंड के लिए अन्य राज्यों से विशेष ट्रेन संचालित करने पर भी जोर दे सकते हैं। मुख्यमंत्री धामी दिल्ली में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी भेंट करेंगे।

 

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *