रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी में घर के वॉशरूम में घुसा गुलदार, कुत्ते को बनाया शिकार

Barsali Times Desl
2 Min Read

परिवार की सूझबूझ से वॉशरूम में कैद हुआ वन्यजीव, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू; आबादी क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत

रुद्रप्रयाग। जिले के सुमाड़ी बाजार में गुलदार की सक्रियता से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जंगल से निकलकर एक गुलदार दिनेश थपलियाल के घर में जा घुसा और वहां मौजूद कुत्ते को दबोचकर वॉशरूम में ले गया। घर के भीतर अचानक गुलदार दिखाई देने से परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए वॉशरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे गुलदार अंदर ही कैद हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी भगत चौहान के अनुसार, पिछले कई दिनों से गुलदार सुमाड़ी क्षेत्र में लगातार दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने पहले भी उसकी गतिविधियों को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन अब उसके घर के भीतर तक पहुंचने से लोगों में भय का माहौल है।

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के आसपास गुलदार की लगातार मौजूदगी से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है। साथ ही आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है।

सुमाड़ी की इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि वन विभाग गुलदार की आवाजाही पर नजर रखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *