मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज तथा विकसित राष्ट्र की नींव हैं। राज्य सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

महिला स्पोर्ट्स कॉलेज से खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना ‘आदर्श उत्तराखंड’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लोहाघाट में करीब 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह पहल खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
20 करोड़ से बनेगा क्रिटिकल केयर ब्लॉक
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी।
237.74 करोड़ से बनेगा आधुनिक आईएसबीटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) विकसित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था और संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है। इन परियोजनाओं से स्थानीय कारोबार, पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में भी होंगे विकास कार्य
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है।
इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले जतिन चंद को मुख्यमंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वन विभाग को मिले तीन टाटा योद्धा वाहन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और युवाओं से विकास कार्यों में जनसहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, सामूहिक प्रयासों से ही विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, एनएचपीसी के अधिकारियों, खिलाड़ियों, महिला समूहों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।








