ज्वालापुर के आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची लापता, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान निकली बाहर

Barsali Times Desl
2 Min Read

पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे समेत संभावित स्थानों पर तलाश जारी

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित एक आश्रय गृह से आठ वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची 15 अगस्त को आश्रय गृह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान अचानक बाहर निकल गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो आश्रय गृह की अधीक्षिका ने ज्वालापुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस से बच्ची की तलाश की मांग की।

जानकारी के अनुसार, बच्ची हरियाणा की रहने वाली है और उसे बाल कल्याण समिति, हरिद्वार के आदेश पर 13 अगस्त को ज्वालापुर स्थित आश्रय गृह में लाया गया था। 15 अगस्त की सुबह आश्रय गृह में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे थे। इसी दौरान बच्ची मौका पाकर आश्रय गृह से बाहर निकल गई।

बच्ची के गायब होने की जानकारी मिलते ही आश्रय गृह के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हरकी पैड़ी सहित अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका।

पुलिस ने शुरू की जांच

काफी तलाश के बाद आश्रय गृह की अधीक्षिका शिवानी गोयल ने 15 अगस्त को ही ज्वालापुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह के अनुसार, बच्ची की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों और बच्ची के बाहर निकलने के बाद संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि बच्ची को सकुशल बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द उसे तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *