‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
उत्तरकाशी, 8 अगस्त। सावन मास में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सिद्धपीठ कुटेटी माता मंदिर परिसर में चंदन का पौधा रोपित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित इस कार्यक्रम में राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार और भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने पौधरोपण किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि सावन का महीना धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। ऐसे पावन अवसर पर कुटेटी माता मंदिर परिसर में चंदन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। उन्होंने मां कुटेटी से देश और जनपद में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने कहा कि मंदिर परिसर में चंदन का पौधा रोपित करना आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में चंदन का विशेष स्थान है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कुटेटी देवी मंदिर के पुजारी ललित मोहन ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं में चंदन को पवित्र वृक्ष माना जाता है। पूजा-अर्चना में चंदन का विशेष महत्व है और इसे शांति, समृद्धि तथा सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
पौधरोपण कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया। मंदिर परिसर में चंदन का पौधा लगाए जाने को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रकृति, संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण की दिशा में सार्थक कदम बताया।



