दून में मौसम ने बदल ली करवट, पहाड़ों में हल्की बारिश व बर्फबारी,निचले इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं

Barsali Times Desl
2 Min Read

दून में मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी, जबकि दून व अन्य निचले इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। जिससे पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज (गुरुवार) भी मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ और पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को दोपहर में दून में आसमान साफ हो गया और चटख धूप खिली। रात को तेज हवाओं के साथ जमकर वर्षा हुई। इससे मौसम एकाएक ठंडा हो गया।

उधर, पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की, बर्फबारी और ओलावृष्टि भी हुई। केदारनाथ में जोरदार हिमपात हुआ। जबकि, गंगोत्री-यमुनोत्री समेत आसपास की चोटियों में भी हल्की बर्फबारी हुई। बदरीनाथ में दिनभर बादल छाये रहे, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई। मौसम के करवट बदलने से प्रदेशभर में पारे में गिरावट दर्ज की गई।

दून में पारा 24 घंटे के भीतर चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आज भी मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। प्रदेश में कहीं-कहीं गरज के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ों में भारी वर्षा-बर्फबारी की आशंका है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *