उत्तरकाशी: गंगनानी बस हादसे में तीन यात्री मरे, चालक समेत पांच यात्री एम्स के लिए रेफर

Barsali Times Desk
2 Min Read

मंगलवार देर रात करीब 9 बजे गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के समीप यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त होकर 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गंगोत्री से दर्शन कर वापस उत्तरकाशी लौट रही बस में कुल 29 यात्री सवार थे, जिनमें तीन महिला यात्रियों की मौत हो गई।

चालक समेत गंभीर घायल पांच लोगों को एम्स अस्पताल ऋषिकेश रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीमें रात मौके पर पहुंची। देर रात दस बजे तक चले रेस्क्यू कार्य के बाद बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन इस बीच घायल तीन यात्रियों ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बस में यूपी, दिल्ली, मुंबई आदि विभिन्न राज्यों के यात्री सवार थे।

डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर जाना यात्रियों का हाल

डीएम डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि बस दुर्घटना में तीन की मौत हुई है और 26 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल वाहन चालक विजय कुमार को भी एम्स रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में भी डीएम बिष्ट रात में घायल यात्रियों का हालचाल जानने पहुंचे।

गंगोत्री से दर्शन कर लौट रहा था यात्री वाहन: एसपी

वहीं रेस्क्यू की कमान संभालने रात घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि बस में चालक और परिचालक सहित कुल 29 लोग सवार थे। बस में सवार सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन कर वापस उत्तरकाशी की ओर लौट रहे थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *