कार्तिक पूर्णिमा पर शारदा तट पर की पूजा-अर्चना, भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बताया ऐतिहासिक मेला; सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।





भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करता है मेला
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला झनकईया मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं तथा दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज इस आयोजन को विशिष्ट पहचान देते हैं। ऐसे मेलों से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर भी मिलता है।
सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के बाद उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।
शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय और सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा का विस्तार करने के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा रही हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।
मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








