आपदा प्रबंधन में उत्तराखंड ने स्थापित किए नए मानक, 525 सेंसर और 434 सैटेलाइट फोन से मजबूत हुई निगरानी व्यवस्था

Barsali Times Desl
9 Min Read

अलग आपदा प्रबंधन विभाग गठित करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड, छह वर्षों में 2.69 लाख से अधिक लोगों को दिया गया प्रशिक्षण; आपदा प्रभावितों को मिलने वाली सहायता राशि में भी हुई बढ़ोतरी

देहरादून। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने तकनीक, पूर्व चेतावनी प्रणाली, वैज्ञानिक जोखिम आकलन और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में राहत एवं बचाव तंत्र को मजबूत करने के साथ ही आपदा से पहले तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने आपदा प्रबंधन के लिए अलग विभाग गठित किया है।

राज्य में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं, जबकि 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2,69,038 लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है। सरकार का उद्देश्य आपदा प्रबंधन को केवल राहत और बचाव तक सीमित न रखकर पूर्व तैयारी, जोखिम न्यूनीकरण और पुनर्वास की समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करना है।

28 नवंबर को मनाया जाएगा आपदा प्रबंधन दिवस

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को प्रदेश में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अलग विभाग और एसडीआरएफ से मजबूत हुआ संस्थागत ढांचा

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को संस्थागत रूप देने के लिए वर्ष 2007 में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की स्थापना हुई। वर्ष 2025 में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।

525 सेंसर से निगरानी, मोबाइल पर भी मिलेंगे अलर्ट

आपदा की स्थिति में समय रहते चेतावनी जारी करने के लिए प्रदेश में बहुस्तरीय संचार और निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल के जरिए चेतावनी भेजने की व्यवस्था है। इसके अलावा ईआरएसएस-112, पुलिस और वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल तथा सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रदेश में 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध हैं। भूदेव और सचेत ऐप के जरिए भी आपदा संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। सेल ब्रॉडकास्ट आधारित नई प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है। इसके माध्यम से बिना किसी ऐप या इंटरनेट के सीधे मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट भेजा जा सकता है।

राज्य में स्थापित 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर में 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं। इनकी मदद से मौसम और जलस्तर से जुड़ी परिस्थितियों पर नजर रखने तथा संभावित खतरे का आकलन करने में मदद मिलेगी।

छह वर्षों में 2.69 लाख लोगों को मिला प्रशिक्षण

आपदा के दौरान स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आम नागरिकों और युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ा जा रहा है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,69,038 लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षित किया गया।

इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और माई भारत के स्वयंसेवकों को भी शामिल किया गया। युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के माध्यम से समुदाय की आपदा से निपटने की क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।

ग्लेशियल झीलों की निगरानी और मॉक ड्रिल पर जोर

सरकार ने आपदा के संभावित खतरों का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ और जलभराव की संभावनाओं का अध्ययन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की व्यवस्था विकसित की है। ग्लेशियल झीलों से जुड़े जोखिमों का आकलन और निगरानी तंत्र भी मजबूत किया जा रहा है। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है।

वर्ष 2025-26 में वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून सहित विभिन्न आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। दो जुलाई 2026 को मानसून को लेकर भी राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल की गई थी।

राहत एवं बचाव के बुनियादी ढांचे का विस्तार

यूएसडीआरएफ परियोजना के तहत राज्य में 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सड़क सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही हाइड्रोमेट और पूर्व चेतावनी तंत्र के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

एसडीआरएफ को खोज एवं बचाव तथा संचार से जुड़े आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ 18 फायर स्टेशन और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण एवं उपकरणों की व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है। आपदा के समय बेहतर समन्वय के लिए राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सिंचाई सहित संबंधित विभागों को एक साथ जोड़ने पर जोर दिया गया है।

आपदा प्रभावितों की सहायता राशि में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के तहत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि के मानकों में वृद्धि की है। इसके तहत आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता राशि चार लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये प्रति मृतक कर दी गई है।

इसी तरह 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता राशि 2.50 लाख से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये की गई है। वर्षा आधारित फसलों के लिए इनपुट सब्सिडी 8,500 से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर, जबकि सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 17,000 से बढ़ाकर 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। बारहमासी और बागवानी फसलों के लिए सहायता 22,500 से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।

पशुधन और अन्य क्षति के मामलों में भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। बड़े पशुओं की क्षति पर अब 50,000 रुपये और छोटे पशुओं के लिए 5,100 रुपये प्रति पशु की सहायता का प्रावधान है। पोल्ट्री के लिए यह राशि 100 से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति पक्षी की गई है। मकान क्षति के मामलों में मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये और पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये कर दी गई है।

राज्य सरकार के अनुसार, इन प्रयासों का उद्देश्य उत्तराखंड को आपदा के प्रति अधिक सक्षम और सुरक्षित बनाना है। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जोखिम आकलन, प्रशिक्षित मानव संसाधन और सामुदायिक सहभागिता के जरिए प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *