गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे सीएम धामी, प्रदेश की खुशहाली के लिए की अरदास

Barsali Times Desl
3 Min Read

खटीमा में गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्था, कहा- गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता की देती हैं प्रेरणा; धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए अरदास की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से पूरी मानवता को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करती हैं। साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा का संदेश भी देती हैं। गुरु नानक देव जी के विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।

हेमकुंड साहिब रोपवे और रीठा साहिब में धर्मशाला निर्माण का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।

उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी और किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट और रनदीप पोखरिया मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *