कसार देवी के होमस्टे में दिल्ली के पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला शव; बीमारी की आशंका

Barsali Times Desl
3 Min Read

अल्मोड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी स्थित एक होमस्टे में दिल्ली निवासी 39 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह पर्यटक का शव कमरे के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कमरे को सील कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को प्रथम दृष्टया मौत की वजह बीमारी होने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली निवासी संजय तालुकदार ने बीती 10 अक्टूबर को कसार देवी स्थित एक होमस्टे में एक महीने के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, यहां पहुंचने के समय संजय की तबीयत सामान्य थी। हालांकि, बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

शनिवार सुबह काफी देर तक जब संजय अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो होमस्टे संचालक को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे में जाकर देखने पर संजय मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे को सील कर पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया गया। पुलिस ने शव को बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।

लिवर का हो चुका था ऑपरेशन

बताया जा रहा है कि संजय के लिवर का पहले ऑपरेशन हुआ था। इसी आधार पर पुलिस बीमारी के कारण मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

परिजनों को दी गई सूचना

संजय की मौत की खबर मिलते ही दिल्ली में उनके परिवार में शोक छा गया। एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *