देहरादून में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये के लोन को मंजूरी दिलाने और उसका भुगतान कराने के बदले शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में सीबीआई की जांच जारी है।
लोन की रकम का पांच प्रतिशत मांगी रिश्वत
सीबीआई के अनुसार, क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में अपनी संपत्ति के एवज में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और वितरित कराने के बदले बैंक के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) के रूप में काम कर रहे तीन निजी व्यक्तियों ने लोन की रकम का पांच प्रतिशत यानी 9 लाख रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी उससे पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे और शेष 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद आरोपियों के निर्देश पर उसने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए। साथ ही 50 हजार रुपये नकद देने की बात कही।
50 हजार रुपये लेते डीएसए गिरफ्तार
सीबीआई ने 18 नवंबर की देर शाम जाल बिछाकर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान डीएसए नरेंद्र आर्य को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी, दस्तावेज और नकदी बरामद
सीबीआई के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों के आवास पर तलाशी ली गई। इस दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। सीबीआई अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और कथित रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।








