उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा में मलबे में दबे ऐतिहासिक कल्प केदार मंदिर के अवशेष मिलने शुरू हो गए हैं। लगातार 38 दिनों तक चली खुदाई के बाद मंदिर की एक शिला और कुछ अन्य अवशेष दिखाई दिए हैं। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद का माहौल है। ग्रामीण इसे अपनी आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।
दरअसल, धराली में आई आपदा ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। इस दौरान प्राचीन कल्प केदार मंदिर भी मलबे के नीचे दब गया था। आपदा के बाद से ही ग्रामीण मंदिर के अस्तित्व और उसके अवशेषों को लेकर चिंतित थे। मंदिर की खोज और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास शुरू किए।
सोमेश्वर देवता के सानिध्य में शुरू हुई खुदाई
मंदिर की खोज के लिए ग्रामीणों ने क्षेत्र के प्रसिद्ध सोमेश्वर देवता के सानिध्य में 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र के पहले दिन विधिवत खुदाई शुरू की। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर लगातार 38 दिनों तक मलबा हटाने और मंदिर के अवशेष तलाशने का अभियान जारी रखा। अब खुदाई के दौरान मंदिर की एक शिला और कुछ अन्य अवशेष सामने आए हैं। इससे ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में मंदिर के और हिस्सों की जानकारी मिल सकेगी।
ग्रामीण संजय पंवार के मुताबिक, कल्प केदार मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि धराली क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। आपदा में मंदिर के मलबे में दब जाने से ग्रामीणों को गहरा आघात पहुंचा था। ऐसे में अवशेषों का मिलना उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।
दो-तीन साल तक जारी रहेगा खोज अभियान
ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि मंदिर के अवशेषों की पूरी खोज होने तक अभियान जारी रखा जाएगा। उनका कहना है कि इसके लिए चाहे दो साल लगें या तीन साल, वे पीछे नहीं हटेंगे। मंदिर के सभी अवशेषों को तलाशने के साथ ही उसके वास्तविक स्वरूप और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार से तकनीकी और आर्थिक सहयोग की मांग
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से मंदिर की खोजबीन के लिए तकनीकी और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही मिले अवशेषों को सुरक्षित रखने और मंदिर का प्राचीन धार्मिक स्वरूप के अनुरूप पुनर्स्थापन करने की अपील की है। ग्रामीणों का मानना है कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से इस ऐतिहासिक धार्मिक धरोहर को फिर से स्थापित करने की दिशा में काम किया जा सकता है।







