अनमोल, दिव्यानी, अभय, आराध्या और अरमान ने पदक जीतकर बढ़ाया जनपद का मान; आठ राज्यों के 80 खिलाड़ियों ने लिया प्रतिभाग
उत्तरकाशी। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में आयोजित तीन दिवसीय 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप का शानदार समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्तरकाशी के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विभिन्न विधाओं में पदक हासिल किए। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उत्तरकाशी के पांच खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (नेशनल्स) के लिए क्वालीफाई किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जनपद में खुशी की लहर है।
कर्नल राज पुरोहित Nim
पांच खिलाड़ियों ने पदक जीतकर किया जनपद का नाम रोशन
प्रतियोगिता में उत्तरकाशी के अनमोल ने स्पीड क्लाइम्बिंग में कांस्य पदक हासिल किया। जगपाल गंगेरी की पुत्री दिव्यानी ने लीड क्लाइम्बिंग में रजत और बोल्डरिंग में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं जितेंद्र सिंह नेगी के पुत्र अभय नेगी ने स्पीड क्लाइम्बिंग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
इसके अलावा बिशन सिंह नेगी की पुत्री आराध्या नेगी ने बोल्डरिंग में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि अरमान नेगी ने स्पीड और बोल्डरिंग दोनों विधाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन पांचों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
कर्नल अमित बिष्ट नॉर्थ जोन, निर्देशक
आठ राज्यों के 80 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
तीन दिवसीय इस चैंपियनशिप में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 80 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में लीड, स्पीड और बोल्डरिंग की तीन विधाओं में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने क्लाइम्बिंग वॉल पर अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चार पैरा एथलीटों की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही।
राजदीप परमार ब्लॉक प्रमुख डुंडा
खिलाड़ियों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह में एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करती हैं।
आईएमएफ नॉर्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट ने भी प्रतियोगिता के आयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर अपने विचार रखे।
वहीं डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने उत्तरकाशी के पांच खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनपद के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे उत्तरकाशी के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजन उत्तरकाशी को पर्वतारोहण और साहसिक खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चैंपियनशिप के समापन के साथ ही चयनित पांचों खिलाड़ियों ने अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनकी इस सफलता से खेल प्रेमियों, स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।








