दिल्ली में राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद देहरादून पहुंचे बिष्ट, भगत सिंह कोश्यारी से भी लिया आशीर्वाद; गंगोत्री के विकास का रोडमैप किया प्रस्तुत
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में गंगोत्री विधानसभा सीट से भाजपा के संभावित दावेदार लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व से मुलाकातों का सिलसिला तेज कर दिया है।
बीते सप्ताह दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं सांसद अनिल बलूनी समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने के बाद लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने 5 नवंबर को देहरादून में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गंगोत्री विधानसभा से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा जाहिर करते हुए क्षेत्र के विकास से संबंधित अपना दृष्टिकोण और रोडमैप प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा।

भगत सिंह कोश्यारी से लिया आशीर्वाद
अपनी राजनीतिक सक्रियता के तहत लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने 4 नवंबर को उत्तराखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके अलावा उन्होंने भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज और उत्तरकाशी जिला प्रभारी नवीन ठाकुर से भी मुलाकात की।

इन मुलाकातों के दौरान बिष्ट ने अपना आवेदन और जीवनवृत्त सौंपने के साथ ही गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में किए गए सामाजिक एवं विकास कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपना विजन साझा किया।
गंगोत्री के विकास को लेकर प्रस्तुत किया रोडमैप
लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ उनकी सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने गंगोत्री विधानसभा के समुचित विकास के संकल्प के साथ अपना पक्ष रखा और अब तक किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही आने वाले समय में क्षेत्र के विकास के लिए तैयार किए गए रोडमैप से भी नेतृत्व को अवगत कराया।
गौरतलब है कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए गंगोत्री सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। लोकेंद्र सिंह बिष्ट की लगातार हो रही इन मुलाकातों को इसी चुनावी तैयारी और अपनी दावेदारी को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।








