बदरीनाथ धाम में सेना के सांस्कृतिक महोत्सव पर विवाद, आयोजन के स्वरूप पर उठे सवाल

Barsali Times Desl
3 Min Read

चमोली: बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा परिसर में 19 और 20 सितंबर को आयोजित ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव’ के स्वरूप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम में डीजे, गीत-संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर आपत्ति जताते हुए बदरीनाथ धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा का ध्यान रखने की मांग की है।

स्थानीय लोगों और तीर्थपुरोहितों ने जताई आपत्ति

महोत्सव के दौरान गायक प्रियंका मेहर समेत कई कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरीनाथ धाम प्रमुख धार्मिक स्थल होने के कारण यहां धार्मिक वातावरण और आध्यात्मिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

माणा के ग्रामीणों ने भी आयोजन के स्वरूप पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस तरह का आयोजन माणा गांव में किया जाना अधिक उपयुक्त रहता।

तीर्थपुरोहितों ने भी कार्यक्रम को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बदरीनाथ धाम सनातन धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल है और यहां होने वाली गतिविधियां धार्मिक परंपराओं एवं धाम की मर्यादा के अनुरूप होनी चाहिए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट की भूमिका

विवाद के बीच चमोली जिला प्रशासन ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और उनका स्वरूप सेना द्वारा तय किया गया था। प्रशासन के अनुसार उसकी भूमिका मुख्य रूप से स्टॉल लगाने तक सीमित थी।

प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम में वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित सीमांत गांवों बामणी और माणा की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को दर्शाने वाली प्रस्तुतियां भी शामिल थीं।

धार्मिक गरिमा के अनुरूप आयोजन की सलाह

जिला प्रशासन के अनुसार, उसके स्तर से सेना के स्थानीय अधिकारियों को श्री बदरीनाथ धाम की धार्मिक आस्था, पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व और स्थानीय धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए आयोजन कराने की सलाह दी गई थी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना या पोस्ट के आधार पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए कोई धारणा न बनाएं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *