आस्था पर विवाद का साया, छोटी मां कुटेटी देवी मंदिर में लगा ताला

Barsali Times Desl
2 Min Read

पंडितों के आपसी विवाद के चलते श्रद्धालु परेशान, प्रशासन से जल्द मंदिर खुलवाने की मांग

उत्तरकाशी। विकासखंड भटवाड़ी के बोंगा रोड स्थित कोटि-कोटियाल क्षेत्र में छोटी मां कुटेटी देवी मंदिर के कपाट बंद होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि पंडितों के बीच चल रहे आपसी विवाद के कारण मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है। मंदिर में पूजा-अर्चना नहीं हो पाने से स्थानीय श्रद्धालुओं में निराशा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां कुटेटी देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर बंद होने के कारण उन्हें मुख्य द्वार के बाहर से ही पूजा कर माथा टेककर वापस लौटना पड़ रहा है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। पंडितों के बीच यदि किसी तरह का विवाद है तो उसका समाधान बातचीत अथवा प्रशासन के हस्तक्षेप से किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि विवाद का असर श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं पर नहीं पड़ना चाहिए।

नवरात्रि से पहले व्यवस्था बहाल करने की मांग

नवरात्रि का पर्व नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं की चिंता भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर मंदिर का ताला खुलवाने और नियमित पूजा-पाठ की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि मां के दरबार में विवाद के बजाय पूजा और आस्था का वातावरण होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालकर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोलने की मांग की है, ताकि नवरात्रि के दौरान भक्तों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *