फर्जी निवेश नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार; 1.10 लाख नकद और 24 एटीएम कार्ड बरामद

Barsali Times Desl
2 Min Read

हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कथित तौर पर बैंक खातों का इस्तेमाल कर रकम को इधर-उधर करने और डिजिटल माध्यम से लेनदेन करने में शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर को मिली सूचना के आधार पर लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान इंदौर निवासी राहुल यादव समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर बैंक खाताधारकों को कमीशन का लालच देकर उनके खाते और एटीएम कार्ड हासिल करते थे। इन खातों के जरिए नकदी निकालने के साथ रकम दूसरे खातों में जमा या ट्रांसफर की जाती थी।

USDT के जरिए भी लेनदेन का आरोप

पुलिस के अनुसार गिरोह डिजिटल करेंसी USDT से जुड़े लेनदेन में भी सक्रिय था। प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन लाखों रुपये के डिजिटल लेनदेन के संकेत मिले हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।

1.10 लाख रुपये नकद और डिजिटल उपकरण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.10 लाख रुपये नकद, 24 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों और दस्तावेजों की डिजिटल एवं वित्तीय जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश भी जारी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क में देश के अन्य हिस्सों में कौन-कौन लोग जुड़े हैं और कितने बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम किसी अन्य व्यक्ति को न दें। संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *