देहरादून में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

Barsali Times Desl
3 Min Read

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके दोस्तों अनस, आरिस, जावेद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक, इफ्तिखार इंद्रा मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाता था। शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर के पास स्थित एक गोदाम में अपने दोस्तों के पास गया था। आरोप है कि वहीं उसके साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से हमला किया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

अस्पताल ले जाने में देरी का आरोप

मृतक के बड़े भाई इंतजार आलम का आरोप है कि घटना के बाद इफ्तिखार के दोस्त उसे एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाते रहे, लेकिन परिजनों को तत्काल सूचना नहीं दी गई। कई घंटे बाद परिवार को घटना की जानकारी मिली। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद इफ्तिखार ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद खून को पानी से साफ किया जा चुका था। परिवार ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल और फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

थाना प्रभारी संजीत कुमार के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अनस, आरिस और जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इफ्तिखार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से भी मामले में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *