खराब मौसम के बीच 25 मिनट तक आसमान में मंडराती रही एयर एम्बुलेंस, प्रशासन और प्रेस क्लब की तत्परता से समय पर मिला उपचार
उत्तरकाशी। अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी (एडीआईओ) सुरेश कुमार की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून रेफर किया गया। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए दून अस्पताल भेजने का निर्णय लिया गया।
प्रेस क्लब उत्तरकाशी के अध्यक्ष चिरंजीव सेमवाल ने क्लब के सदस्यों के सहयोग से अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से तत्काल एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एयर एम्बुलेंस उपलब्ध कराई, जो सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे उत्तरकाशी पहुंची।
हालांकि मौसम प्रतिकूल होने के कारण एयर एम्बुलेंस को करीब 25 मिनट तक सुरक्षित लैंडिंग के लिए आसमान में चक्कर लगाने पड़े। बाद में पायलट ने सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए अगलाड़ पुल मार्ग से सुरक्षित उड़ान भरते हुए हेलीकॉप्टर को सहस्रधारा हेलीपैड पर सफलतापूर्वक उतारा।
इसके बाद सुरेश कुमार को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और प्रेस क्लब की समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई के चलते मरीज को समय रहते उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।
इस पूरी कार्रवाई में प्रशासन की तत्परता और आपदा प्रबंधन तंत्र की सक्रिय भूमिका की व्यापक सराहना की जा रही है।



