ऋषिकेश में देर रात पुलिस मुठभेड़: बिहार में मर्डर और लूट को अंजाम देकर छिपे दो शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
देहरादून/ऋषिकेश। चारधाम यात्रा-2026 के मद्देनजर ऋषिकेश पुलिस द्वारा चलाई जा रही सघन चेकिंग के दौरान देर रात पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बिहार के दो कुख्यात बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपी बिहार में हत्या और लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर ऋषिकेश के जंगलों में छिपे हुए थे।

बिना नंबर की बाइक से भागने का प्रयास, पुलिस पर की फायरिंग
मामला 7 जून की रात का है, जब ऋषिकेश पुलिस नटराज चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ढालवाला की तरफ से एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे, जिन्होंने चेहरे कपड़े से ढांके हुए थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का इशारा किया, तो उन्होंने बैरियर को टक्कर मार दी और हरिद्वार बाईपास की तरफ तेजी से भाग निकले।
पुलिस टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित किया और पीछा करते हुए खांड गांव के पास रेलवे लाइन के समीप जंगल में घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी। गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही दबोच लिए गए।
आरोपियों की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक देशी पिस्टल (32 बोर), एक तमंचा (315 बोर), 3 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस के साथ ₹1500 नगद बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
आमिर (उम्र 22 वर्ष), निवासी: बिन्देश्वर कम्पाउण्ड गली, पक्की सराय, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार।
अनवारूल हक उर्फ अनवर (उम्र 24 वर्ष), निवासी: भटवोली रायपुर, जिला सीतामढ़ी, बिहार (हाल पता: नबी करीम, दिल्ली)।
ऋषिकेश में भी की थी फायरिंग, बिहार पुलिस को भी थी तलाश
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनवारूल उर्फ अनवर ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उन्होंने बिहार के महुवागाछी क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर ₹3.5 लाख की लूट की थी और इस दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहार पुलिस से बचने के लिए वे ऋषिकेश के ढालवाला में आकर छिप गए थे।
गत 4 जून को ऋषिकेश के भुट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर कुछ स्थानीय लोगों से इनका विवाद हो गया था। तब भी इन आरोपियों ने स्थानीय लोगों पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने इनके एक साथी वसीम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि ये दोनों जंगलों में छिपे थे और ऋषिकेश से भागने की फिराक में थे।
दर्ज मुकदमे: बदमाशों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में हत्या के प्रयास (बीएनएस की धारा 109(1)) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा बिहार के सीतामढ़ी में भी इनके खिलाफ हत्या और लूट का संगीन मामला दर्ज है।
जांबाज पुलिस टीम
इस शानदार कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र भट्ट, व०उ०नि० भरत सिंह रावत, उ०नि० राजकुमार, उ०नि० सुमित चौधरी, हे०कां० विपिन सैनी (एसओजी), कां० मनोज (एसओजी), कां० शेखर सैनी, कां० तेजपाल सिंह और कां० मिथिलेश शामिल रहे।



