यमुनोत्री मार्ग पर फूलचट्टी में मोटर पुल के डेक स्लैब को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज, पुल पर पुलिस गार्द की तैनाती

Barsali Times Desk
2 Min Read

 

यमुनोत्री मार्ग पर फूलचट्टी में मोटर पुल के डेक स्लैब को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर एहतियातन इस पुल पर पुलिस गार्द की तैनाती कर दी गई है।

जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए पुल को क्षति पहुँचाने के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगा कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

यमुनोत्री मार्ग पर फूलचट्टी से जानकीचट्टी के बीच किलोमीटर दो पर निर्मित लोहे के पुल के डेक स्लैब पर कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा तोड़फोड़ किये जाने की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इस पुल की देखरेख का जिम्मा संभाल रहे लोनिवि बड़कोट के अधिशासी अभियंता से घटना के बाबत जानकारी लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराने और पुल की मरम्मत व समुचित सुरक्षा के इंतजाम किये जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा है कि इस तरह की विध्वंसक व अराजक कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों को कतई बख्शा नहीं जाय।
लोक निर्माण विभाग के बडकोट डिवीजन के अधिशासी अभियंता मनोहर सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना बड़कोट में प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और पुल के डेक स्लैब की मरम्मत की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुल पर यातायात सुचारू है।

थानाध्यक्ष बड़कोट संतोष कुंवर ने बताया है कि उस मामले में आईपीसी की धारा 427 के तहत एफआईआर दर्ज कर दी गई है और जाँच की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत इस पुल पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *